दिल्ली मौसम अपडेट: मार्च में ही 33°C का अनुमान, AQI ‘खराब’ श्रेणी में पहुंचा
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Delhi Weather Update
अधिकतम तापमान 31.5°C, होली पर 33°C का अनुमान.
AQI 216, ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज.
साफ आसमान और 25-35 किमी/घंटा की हवाएं संभव.
Delhi / राजधानी दिल्ली में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा है। मौसम के इस बदले मिजाज ने लोगों को संकेत दे दिया है कि इस बार गर्मी जल्दी दस्तक दे रही है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, होली के दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यदि ऐसा होता है तो यह इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन होगा। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने होली पर मुख्य रूप से साफ आसमान का पूर्वानुमान जताया है। दिन के समय 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिनके झोंके कभी-कभी 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। ऐसे में दिन के समय धूप और तेज महसूस हो सकती है।
विभिन्न मौसम केंद्रों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सफदरजंग में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री, पालम में 29.4 डिग्री, लोधी रोड में 31.4 डिग्री, रिज में 31.5 डिग्री और आयानगर में 31.6 डिग्री दर्ज किया गया। सभी स्थानों पर तापमान सामान्य से ऊपर रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहा—सफदरजंग में 15.6 डिग्री, पालम में 13.8 डिग्री, लोधी रोड में 14.6 डिग्री, रिज में 17.3 डिग्री और आयानगर में 15.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सुबह के समय आर्द्रता 74 प्रतिशत रही, जबकि शाम को यह घटकर 33 प्रतिशत पर पहुंच गई।
गर्मी के साथ-साथ वायु गुणवत्ता भी चिंता का विषय बनी हुई है। मंगलवार सुबह दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 216 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। एक दिन पहले यह ‘मध्यम’ श्रेणी में था, जिससे साफ है कि प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार, होली और 6 मार्च तक वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने की संभावना है, लेकिन हालात पूरी तरह बेहतर नहीं कहे जा सकते।
समीअर ऐप के मुताबिक 24 स्टेशन ‘खराब’, 19 ‘मध्यम’ और दो स्टेशन ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहे। पंजाबी बाग में सबसे ज्यादा खराब AQI 389 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुसार 201 से 300 के बीच AQI ‘खराब’ और 301 से 400 ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। ऐसे में त्योहार के दौरान लोगों को धूप और प्रदूषण दोनों से सावधानी बरतने की जरूरत है।